भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया, 6 विकेट से हराया

भारत ने पांच टी-20 के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हरा दिया। शुक्रवार को ऑकलैंड में खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 203 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने 19 ओवर में 4 विकेट पर 204 रन बना लिए। टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया। इससे पहले पिछले साल इसी मैदान पर 159 रन के लक्ष्य को हासिल कर लिया था। दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा मुकाबला 26 जनवरी को इसी मैदान पर खेला जाएगा।
 


भारत के लिए श्रेयस अय्यर ने सबसे ज्यादा नाबाद 58 रन बनाए। लोकेश राहुल ने 56 और विराट कोहली ने 45 रन की पारी खेली। वहीं, न्यूजीलैंड के लिए कॉलिन मुनरो ने 59, रॉस टेलर ने नाबाद 54 और केन विलियम्सन ने 51 रन की पारी खेली। टेलर ने 6 साल बाद टी-20 में अर्धशतक लगाया। उन्होंने पिछला अर्धशतक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2014 में लगाया था। तब 62 रन की पारी खेली।


भारत सबसे ज्यादा 4 बार 200+ रन चेज करने वाला देश


टीम इंडिया ने टी-20 में चौथी बार 200+ रन का लक्ष्य हासिल किया। वह सबसे ज्यादा 4 बार ऐसा कर चुका है। भारत के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दो बार 200+ रन का लक्ष्य हासिल किया। वहीं, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, बांग्लादेश और कतर ने एक-एक बार ऐसा किया।